Translate

सोमवार, 16 मई 2022

बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के करीब 42 हजार संग्राहकों को मिला रोजगार....तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा 50 रुपये सैकड़ा अधिक दाम।

//रूपेश जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। गर्मी शुरू होने के साथ जंगलों में अब हरा सोना के नाम से जाने जाने वाला तेंदू पत्ता की आवक शुरू हो गई है। पत्ता संग्रहण से बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के साढ़े 42 हजार संग्राहकों को रोजगार मिला है। वन विभाग तेंदूपत्ता खरीद की संपूर्ण तैयारियाँ की है। बड़ामलहरा, बाजना व बकस्वाहा को मिलाकर विधानसभा में कुल 03 रेंज हैं। यहां स्थित वनांचल में हर साल तेंदूपत्ता की तोड़ाई होती है। जिससे वनांचलवासियों को रोजगार मिलता है।

          मार्च माह शुरू होने के साथ आसमान से तेज धूप व गर्मी का अहसास शुरू हो गया है। अब जंगल में तेंदू की नई पत्तियां आ चुकी है। मई महीने के दूसरे सप्ताह में पत्ता तोड़ाई शुरू हो गई है। लेकिन ठंडा-गरम मौसम होनें से पत्ता की गुणवत्ता पर विपरीत असर पड़ा है। 

      मौसम की बेरुखी से पता सिकुड़ गया है और दाने भी आए है। वहीं सरकार ने तेंदूपत्ता के दाम में 50 रुपये सैकड़ा की बृद्धि की है. इस बार संग्राहकों को 03 सौ रुपये प्रति सैकड़ा के मान से भुगतान मिलेगा। मूल्यबृद्धि को लेकर संग्राहकों में उत्साह दिख रहा है ऐसे में विभाग को लक्ष्य पूर्ति के आसार नजर आ रहे हैं। 

•  04 हजार 277 मानक बोरा तेंदूपत्ता की आवक।

 बडामलहरा वन परिक्षेत्र में बुधवार से तेंदूपत्ता खरीदी का काम शुरु हो गया है। मौसम की बेरुखी से पत्ता की क्वालिटी कुछ कमजोर देखनें को मिल रही है फिर भी पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक तेंदूपत्ता की उम्मीद जताई जा रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन सिंह बघेल ने जानकारी में बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा सरकार ने इस वर्ष तेंदूपत्ता की दर में 50 रुपये प्रति सैकडा तक की बृद्धि की है। इससे निश्चित ही संग्राहकों को अच्छा मुनाफा होगा। साथ ही श्री बघेल ने बताया कि परिक्षेत्र में 16 विक्रित समितियां हैं इसमें 125 के आसपास फड है इनके माध्यम से अधिकांश फडों पर खरीदी प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। चालू वर्ष में 14 हजार 8 सौ मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य तय किया गया है। 25 हजार के आसपास संग्राहक तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में लगे हैं। परिक्षेत्र में बुधवार से पत्ता खरीदी शुरु हो चुकी है, 2 दिन में 4 हजार 277.060 मानक बोरा तेंदूपत्ता की आवक हुई है।

    विभाग का मानना है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार निश्चित ही अधिक पत्ता खरीदनें में सफल होगें।

•  02 हजार 6 सौ संग्राहक कराएंगें लक्ष्य पूर्ति।

 बकस्वाहा वन परिक्षेत्र में हरा सोना कहे जाने वाले तेंदूपत्ता संग्रहण का काम चल रहा है। सोमवार से फडों पर पत्ता की खरीदी भी शुरु हो गई है। हालांकि पिछले साल विभाग निर्धारित लक्ष्य को पूरा करनें में काफी पीछे रहा था. लेकिन इस बार लक्ष्य से अधिक पत्ता खरीदी की उम्मीद जताई जा रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी मनोज सिंह बघेल के अनुसार वर्ष 2022 में विभाग ने 4 हजार 3 सौ मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। विक्रित 6 वनोपज समितियों के माध्यम से 49 फड संचालित हैं। विगत 4 रोज में 01 हजार 888 मानक बोरा तेंदूपत्ता की आवक हुई है। उन्होनें बताया कि बिगत वर्ष 2 हजार 6 सौ संग्राहकों के माध्यम से 3 हजार 136 मानक बोरा तेंदूपत्ता की आवक हुई थी।

          हालांकि विभाग लक्ष्य से पीछे रहा था परंतु इस बार लक्ष्य हासिल करनें स्थितियां बन रहीं हैं।                     

•  पिछले वर्ष बाजना में लक्ष्य से अधिक रहा संग्रहण।

बाजना वन परिक्षेत्र विगत वर्ष तेंदूपत्ता खरीदी लक्ष्य हासिल करनें में सफल रहा और इस वर्ष लक्ष्य से अधिक संग्रहण की उम्मीद जाहिर की जा रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेंद्र पस्तोर द्वारा फडों का निरीक्षण किया गया इसमें पत्ता की गडियां चेक करनें पर पत्ता कम पाए गए इसमें संग्राहकों को समझाइश दी गई है। साथ ही उन्होनें संग्राहकों से गुणवत्ता युक्त पत्ता तोडनें की बात कही है। उन्होनें बताया कि परिक्षेत्र में स्थित बाजना, रानीताल व नयाखेरा वनोपज समितियों में 30 फडों पर शुक्रवार से तेंदूपत्ता की आवक शुरु हो गई है। पहले दिन 9 सौ 22 मानक बोरा की आवक हुई है। साथ ही उन्होनें बताया कि इस सीजन में 8 हजार 1 सौ मानक बोरा का लक्ष्य तय किया गया है। क्षेत्र के 15 हजार संग्राहक पत्ता संग्रहण कार्य में लगे हैं।

•  बड़ामलहरा विधानसभा एक नजर में।

कुल वन परिक्षेत्र – 03 (बडामलहरा, बकस्वाहा, बाजना)

कुल लक्ष्य - 28 हजार 200 मानक बोरा

वर्ष 2021 में खरीदी - 26 हजार  14 मानक बोरा

संग्राहक -  42 हजार 500 के करीब

कुल वनोपज समितियां - 25 

कुल फड - 204