Translate

शुक्रवार, 2 सितंबर 2022

बक्सवाहा। हादसों को आमंत्रण दे रहा यह क्षतिग्रस्त पुल...जानिए पूरी खबर।

//विनोद जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। छतरपुर जिले के जनपद पंचायत बक्सवाहा मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बाजना के बीचों-बीच बना पुल क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में है।

         उल्लेखनीय हैं कि यह पुल करीब 50 वर्ष पुराना हो चुका है जिसके ऊपर गड्ढे हो चुके हैं, एवं पुल के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण कोई भी वाहन एवं राहगीर चलने से कतराते हैं. पुल पर बड़े बड़े गहरे गड्ढों के कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। 

         इसी पुल के ऊपर से छतरपुर से कटनी, हटा, बिजावर, बक्सवाहा के लिए प्रतिदिन बसें निकलती है तो वहीं अन्य यातायात परिवहन भी इसी पुल पर से होता है तो इसके साथ ही पुल के ऊपर से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी को अपने स्कूल तक जाने के लिए इसी पुल का सहारा लेना पड़ता है. कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के बच्चे अपने स्कूल का पैदल ही इसी पुल के रास्ते से होकर गुजरते है। 

•  पंचायत ने कराये जुगाड़ू कार्य।

हाल ही में दो-तीन दिन पहले ग्राम पंचायत बाजना के सरपंच ने बड़े-बड़े गड्ढों में मिटटी डलवा दी. जिसने समस्या और भी विचित्र कर दी है, क्योंकि मिट्टी डलने के उस मिट्टी में दलदल जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है जिसके बाद अब वहां से निकलने में और भी कठिनाइयां होने लगी है, तथा अब तो यह स्थिति हो गई है कि छोटे चार पहिया वाहन वहां से नहीं गुजर सकते क्योंकि छोटे वाहन उस दलदल में ही फंस जाते हैं बरसात गुजर जाने के बाद भी इस पुल पर हादसों की स्थिति निर्मित रहती है, स्थानीय निवासीयो का कहना है नया पुल लगभग 5-6 वर्ष पहले बनकर तैयार हो गया था लेकिन पुल में कुछ कमी रह जाने के कारण उसे आज तक चालू नहीं किया गया। 

•  ग्राम वासियों ने सुनाई आपबीती।

बाजना ग्राम पंचायत के स्थानीय रहवासीयों ने बताया कि आजादी के 75 साल बीत जाने के बावजूद भी हमारी पंचायत में आज तक विकास को लेकर कोई बादे पूर्ण नहीं किए गए। चुनाव के वक्त जनप्रतिनिधि आते हैं बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन बादे सिर्फ चुनाव होने के बाद पोटली में बंद हो जाते हैं एक तरफ सरकार बड़ी-बड़ी विकास के वादे करती है लेकिन हमारी पंचायत की समस्याओं को आज तक जनप्रतिनिधि ने न ही देखा है और ना ही सुना है और ना ही कराया है। 

•  इनका कहना है कि...

"पंचायत द्वारा अभी पुल पर मिट्टी डलवाने का कार्य किया गया था परंतु बारिश की वजह से दलदल की स्थिति निर्मित हो गई है, अतः मैं दो दिवस के अंदर ही पुल के ऊपर छोटी मुरम डलवाने का कार्य करवाता हूँ, तथा एसडीएम महोदय को इस संदर्भ में प्रस्ताव भी अतिशीघ्र भेजते है, क्योंकि यह दूसरे विभाग का मामला है।"

जगदीश विश्वकर्मा, पंचायत सचिव

"संबंधित विभाग को पत्र जारी कर जाँच करवाता हूँ, जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।"

राहुल सिलाडिया, अनुविभागीय अधिकारी