Translate

मंगलवार, 10 जनवरी 2023

सागर। 15 हजार नगदी समेत कार लूटने वाले चार आरोपी पुलिस हिरासत में।

//राजेश पाराशर//

नेटवर्क सागर। बीते 7 जनवरी शनिवार को सागर के मकरोनिया क्षेत्र के रजाखेड़ी इलाके में खुरई कोर्ट में पदस्थ रीडर के साथ  मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त घटना में शामिल शंकरगढ़ निवासी चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी हरिओम दुबे निवासी पामाखेड़ी खुरई कोर्ट में रीडर के पद पर पदस्थ हैं। 7 जनवरी शनिवार को वे अपनी कार से खुरई से सागर आ रहे थे। उनके साथ उनके सहकर्मी भी साथ में थे। सहकर्मियों को उनके घरों पर छोड़कर हरिओम अपने गांव पामाखेड़ी जा रहे थे तभी रात करीब 11.30 बजे रजाखेड़ी शराब दुकान के पास किसी ने पीछे से उनकी कार पर पत्थर मारा जिसके कारण कार का शीशा टूट गया। आगे जाकर हरिओम ने कार रोकी तो बदमाश मौके पर पहुंच गए और हरिओम के साथ मारपीट कर चाकू की नोक पर जेब में रखे 15 हजार रुपए,मोबाइल और कार लेकर भाग खड़े हुए। मामले की शिकायत फरियादी हरिओम ने मकरोनिया थाने में की। जिसमें पुलिस ने जांच प्रारंभ कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी नीरज, नितिन,संदीप, रितेश ने लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार एवं मोबाइल जप्त किया गया है।