Translate

शुक्रवार, 16 जून 2023

दमोह। कन्या विवाह योजना में सीएमओ की अफसरशाही...एसडीएम से शिकायत के बाद हस्ताक्षर करने तैयार हुए CMO साहब!

हटा(दमोह)। नगर पालिका परिषद हटा में सीएमओ राजेन्द्र खरे की मनमानी अपने चरम पर है। जहाँ शासन के कार्यो में भ्रष्टाचार कर आरोपो से घिरे नगर पालिका सीएमओ अब अपनी मनमानी पर उतारू है। एक ऐसा ही वाकया गुरुवार को तब सामने आया, जब एक युवक स्वयं के विवाह हेतु मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के फार्म में हस्ताक्षर कराने सीएमओ के समक्ष पहुंचा लेकिन सीएमओ ने यह कहकर हस्त्ताक्षर करने से मना कर दिया कि लड़कीं को साथ लेकर आओ, जबकि आवेदक रोहित अहिरवार निवासी चंडी जी वार्ड ने बताया कि वह नगरीय क्षेत्र का है एवं स्वयं के सत्यापन के लिए आया है, जबकि लड़कीं ग्रामीण क्षेत्र की है। जिससे वह आपके कार्यालय में आने में असमर्थ है। इसके बाद भी सीएमओ ने आवेदन पर हस्ताक्षर करने से साफ मना करते हुए आवेदन वापस कर दिया। जिसके बाद आवेदक रोहित अहिरवार ने शुक्रवार को हटा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अभिषेक सिंह के समक्ष पहुंचकर अपनी शिकायत सुनाई, जिसमे हटा एसडीएम ने आवेदक के आवेदन का अवलोकन कर हटा सीएमओ को आवेदन पर हस्ताक्षर करने के लिए निर्देशित किया, तब कही जाकर हटा सीएमओ हस्ताक्षर करने के लिए तैयार हुए। ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश सरकार एक ओर जहाँ जनकल्याण कारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है, जिसमे बेटियों बहनों के प्रति सरकार बेहद गंभीर नजर आ रही है लेकिन नगर पालिका हटा सीएमओ शासन की मंशा पर पानी फेरते हुए नाजायज तरीके से बेटियों तक को उनकी चौखट पर एड़िया रगड़ने के लिए मजबूर कर रहे है।

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र खटीक ने बताया कि परिषद जनता की सेवा करने के लिए तत्तपर है, परन्तु हर कार्य मे नपा सीएमओ रोड़ा अटकाने के साथ कर्मचारियों पर विधि पूर्वक कार्य न करने का दबाब बनाने का प्रयास कर रहे है। जिससे न केवल नगर हटा का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है बल्कि जनता के कार्यो में भी मनमानी की जा रही है, जिसका हम पुरजोर विरोध करते है और सभी से अपील करते है, हमारे रहने तक किसी को भी परेशानियों का सामना नही करना पड़ेगा, हमारी परिषद उपकाशी नगर हटा की देव तुल्य जनता की सेवा के लिए हर समय समर्पित है।