नेटवर्क ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। जेल से पैरोल पर छूट कर आए बदमाश ने दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वहीं पीड़िता ने महाराजपुरा थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भिण्ड जिले की रहने वाली 37 साल की युवती महाराजपुरा थाना क्षेत्र में अपने दो बच्चों के साथ रहतीं है। उसका पति बीते एक साल से हत्या के एक केस में ग्वालियर की सेंट्रल जेल में बन्द है। बता दें कि, हत्या के मामले में ही सजा काट रहे दीपक भदौरिया नाम के बदमाश से उसकी दोस्ती हुई। दोनों जेल की एक ही बैरक में रह रहे है। आरोपी को पता चल गया कि साथी की पत्नी ग्वालियर में रहती है।
जिसके बाद आरोपी कुछ समय के लिए जेल से पैरोल पर छूटकर बाहर आया। इसी दौरान वह अपने साथी के घर पहुंच गया। उसने बताया कि वह और उसके पति साथ ही सजा काट रहे है। भरोसा दिलाने के लिए उसने अपना बैरक नंबर भी बताया। बीते नवंबर में दीपक फिर पैरोल पर छूटा तो फिर उसके घर आया। इस बार महिला ने आने की वजह पूछी तो धमकाने लगा और बोला कि जेल में वह उसके पति का कुछ भी कर सकता है। उसने बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला इससे डर गई, जिसके बाद आरोपी ने दोस्त की पत्नी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी के जाने के बाद पीड़िता ने महाराजपुरा थाना पहुंचकर शिकायत की। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी अभी जेल में बंद है। इसलिए न्यायालय की मदद से आरोपी से पूछताछ के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।