लगभग चार दिनों पहले सिहोरा के कंकाली मोहल्ला में युवक पर हुए प्राण घातक हमले के मामले में अभी भी आरोपी कार सवार युवक फरार चल रहे हैं। इधर, हमले में बुरी तरह घायल हुए युवक का इलाज जबलपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
//सुनील केवट//
नेटवर्क जबलपुर। बताया जा रहा है कि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। हालांकि सिहोरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित धारा 307 बढ़ा दी है। वहीं दावा है कि आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है। लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे है।
कार सवार बदमाशों ने किया था हमला यह मामला सिहोरा थाना क्षेत्र के कंकाली मोहल्ला का है। जानकारी के मुताबिक विगत 14 जनवरी रविवार की रात लगभग 11 बजे कंकाली मोहल्ला निवासी ऋषि यादव मोहल्ले में टहल रहा था। उसी दौरान दिलीप पटेल अपने 3-4 साथियों के साथ कार में पहुंचा और बेसबाल के डंडे से ऋषि के साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट में ऋ षि के जबड़े में जोरदार चोट करने के कारण उसके कई दांत टूट गए। और जबड़ा फेक्चर हो गया।
वहीं बदमाश मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए, स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। वहीं परिजनों का कहना है की एक हफ्ते बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पर रही है। परिजनों के मुताबिक हमले के बाद से ही त्रषि कोमा में है।