//सुनील केवट//
नेटवर्क जबलपुर। रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गत शुक्रवार 19 जनवरी की शाम हुए एक हादसे को जिसने भी देखा उसके रोंगटे खड़े हो गए। दरअसल, स्टेडियम में संचालित एक क्रिकेट एकेडमी में कोचिंग ले रहे एक छात्र से मिलने गई उनकी मां आयी हुई थी। बेटे को खेलता देख मां खेल मैदान के किनारे खड़ी हो गई, तभी अचानक तेज आवाज के साथ महिला गहरे गड्ढे में जा समाईं। एकाएक हुए इस घटनाक्रम से महिला काफी घबरा गई और महिला ने मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। परंतु स्टेडियम बड़ा होने के कारण लोगों को आवाज सुनाई नहीं दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक ने उनकी आवाज सुनी। उक्त युवक ने साहस का परिचय देते हुए महिला को गहरे गड्ढे से निकालकर उनकी जान बचाई। रानीताल स्टेडियम ग्राउंड पर बने ऐसे चेंबर को कवर्ड करने में बरती गई लापरवाही किसी दिन जानलेवा साबित होगी। 8 से 10 फीट गड्ढे की लंबाई बताया जा रहा है कि जिस गड्ढे में महिला अचानक गिर पड़ी थी, वह लगभग 8 से 10 फीट गहरा है। चश्मा कीचड़ भरा हुआ था। मैदान में चारों तरफ घास होने के कारण गड्ढा भी घास से दब गया है। जिस कारण वह दिख नहीं रहा है और ऐसे हादसे से हो रहे हैं।जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही
घटना के संबंध में प्रोफेसर नितेश दुबे ने बताया कि उनका बेटा रानीताल क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट का अभ्यास करने के लिए जाता है। शुक्रवार दोपहर 4 बजे के लगभग उनकी पत्नी बेटे को देखने स्टेडियम गई हुई थी। वापस लौटते समय मैदान पर बने एक गड्ढे के अंदर वह जा गिरी। जिस गड्ढे के अंदर वह गिरी थी उसमें कीचड़ ही कीचड़ भरा हुआ था। प्रोफेसर दुबे ने बताया कि अगर सही समय पर उन्हें नहीं निकाला जाता तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
कमल ने दिया साहस का परिचय
जिस समय रानीताल स्टेडियम में यह हादसा हुआ था, उसे वक्त आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। तभी वहां से क्रिकेट की ट्रेनिंग लेकर गुजर रहे कमल नामक युवक ने महिला की आवाज सुनी। और दौड़ते दौड़ते उनके पास पहुंचा। कमल ने तुरंत बिना कुछ सोचे समझे कड़ी मशक्कत के बाद महिला को उस गड्ढे से बाहर निकाला। कोई मामले की जानकारी लगते ही मौके पर कोच ज्योतिष पांडे एवं अन्य लोग पहुंचे। जिन्होंने तुरंत महिला की मदद की।
इस संबंध में ज़ब खेल अधिकारी आशीष पांडे से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला मेरे संज्ञान में आया था। लेकिन जिस जगह पर यह घटना हुई थी वहां पर गड्ढे के ऊपर चीप ढ़की हुई थी। महिला जब चीप में जाकर खड़ी हुई, तभी वह अचानक टूट गई। जिस पर वह गड्ढे में जा समाईं। इस संबंध में नितेश दुबे का कहना है कि संबंधित अधिकारी यह बात गलत कह रहे हैं कि उस जगह पर चीप ढंकी हुई थी। श्री दुबे ने बताया कि वह सिर्फ इतना चाहते हैं कि रानीताल स्टेडियम की व्यवस्थाओं को सुधारा जाए, ताकि भविष्य में दोबारा इस प्रकार का कोई हादसा ना हो सके।