//रितिक राज शाह//
नेटवर्क इंदौर। एमपी के इंदौर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां उत्तर प्रदेश से युवती से मिलने आए युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई और एरोड्रम थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर शव फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है।
इस मामले के संबंध में डीसीपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि गत रात्रि सूचना मिली थी कि शहर के बाबा गार्डन के पीछे पेपर फैक्ट्री के पास झाड़ियाें में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना के आधार पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास से एक बैग और मोबइल मिला, जो कि फ्लाइट मोड पर था। जांच पड़ताल में उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसका पहचान उत्तर प्रदेश निवासी तौसीफ अहमद के रूप में हुई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ युवक नजर आए। जिसमें से अंश नाम के युवक को पुलिस ने धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसकी एक युवती से दोस्ती है। युवती ने उसे बताया था कि सोशल मीडिया के माध्यम से तौसीफ से पहचान हुई थी और वह उसे लगातार परेशान कर रहा है। इसके बाद तौसीफ को मुलाकात करने के लिए इंदौर बुलाया गया और फिर इस हत्याकांड को तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। पुलिस ने उन्हें भी अभिरक्षा में ले लिया है।
इस मामले में पुलिस ने हत्या की वारदात को साफ कर दिया है, लेकिन जिस युवती की बात सामने आ रही है, वह अभी फरार चल रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को लखनऊ में संपर्क कर सूचना दी है।