Translate

बुधवार, 24 अप्रैल 2024

05वीं एवं 08वीं के परीक्षा परिणामों में छतरपुर जिले का शानदार प्रदर्शन।

//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

नेटवर्क छतरपुर। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल ने मंगलवार को कक्षा 5वीं और 8वीं की कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में काफी अच्छा रहा है। 

प्राप्त आंकड़ो के मुताबिक जिले में कक्षा पांचवीं के 44480 छात्र दर्ज थे। इनमें से 38196 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। जिनमें से कुल 30960 छात्र यानि कि 81.06 फीसदी बच्चे पास हो गए हैं, वहीं कक्षा आठवीं में जिलेभर में 42016 छात्र दर्ज थे। इनमें से 35031 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। और कुल 27075 छात्र यानि कि 77.29 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। 

छतरपुर में पदस्थ डीपीसी अरुण शंकर पांडेय ने बताया इस बार 5वीं और 8वीं में जो छात्र कमजोर थे, उन्हें अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर विषय विशेषज्ञ शिक्षक के माध्यम से तैयारी कराई गई। ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे और छात्रों को ठीक से पढ़ाए, इसके लिए विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण किए गए। जिस कारण से समय पर शिक्षक स्कूल पहुंचे और बच्चों को ठीक से पढ़ाया गया। वहीं समय-समय पर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न स्कूलों में निरीक्षण कर छात्रों की शिक्षा के बारे में जाना। इस दौरान जिस स्कूल में छात्र कमजोर पाए गए, उन्हें चेतावनी देते हुए कार्रवाई की गई। इसी का परिणाम है कि इस बार कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम में सुधार आया है। डीपीसी पांडेय ने इसके साथ बताया कि पिछले साल आठवीं में 32200 छात्रों ने परीक्षा दी थी इसमें से 21525 छात्र परीक्षा में पास हो गए थे। परीक्षा का परिणाम 66.85 फीसदी रहा था। इसी प्रकार से कक्षा 5वीं में 35027 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 24179 छात्र परीक्षा में पास हो गए थे। पास होने वाले छात्रों का परीक्षा फल 69.3 दर्ज हुआ था।