नेटवर्क ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आईपीएस की ट्रेनिंग कर रही महिला अफसर का पीछा करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आरोपी बीते 25 दिनों से आईपीएस का पीछा कर उनकी लोकेशन को ट्रेस कर रहा था, और इसके साथ ही लोकेशन की जानकारी कई लोगों को फॉरवर्ड करता था। संदेह होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई जिसमें उसने कई बड़े खुलासे किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजौली थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अफसर अनु बेनीवाल का एक शख्स कई दिनों से लोकेशन ट्रेस कर रहा था। वह उनका लोकेशन अपने साथियों को भेजता था। सोमवार की रात उस पर शक होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
व्हाट्सएप पर भेजता था जानकारी
खनन माफिया ने उसे धंधे में बाधा बन रही प्रशिक्षु आईपीएस बेनीवाल की लोकेशन ट्रेस कर उसे मिनिट टू मिनट ग्रुप में शेयर करने का काम सौंपा गया है। हर लोकेशन शेयर करने के बदले उसे पैसा मिलता है। आरोपी जिस कार से पीछा करता था, वह एमपी 07 सीडी 0638 नंबर की कार भी जब्त कर ली है, अब आरोपी से पूछताछ जारी है।