सहकारी समिति में ब्लैकमेलिंग का मामला!!....खाद्य अधिकारी बोले "जांच के बाद होगी कार्रवाई"
//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर जिले के ग्राम नहदौरा में आज, दिनांक 7 अगस्त 2024 को सहकारी समिति वितरण केंद्र में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत नहदौरा के वितरणकर्ता बिजेश अवस्थी पर आरोप है कि वह अपने चहेते लोगों को मनमानी तरीके से चावल, गेहूं और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण कर रहे हैं। वहीं, ग्राम के गरीबों को इन आवश्यक वस्तुओं से वंचित किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वितरणकर्ता अपनी मनमानी करते हुए केवल कुछ विशेष लोगों को ही सामग्री वितरित कर रहा है, जबकि जो लोग वास्तव में इनकी जरूरत में हैं, उन्हें कुछ भी नहीं मिल रहा है। इस वजह से गांव के गरीब लोग परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि शासन-प्रशासन की तरफ से अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, और न ही किसी प्रकार की जांच की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो वे जिला कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
खाद्य अधिकारी ने इस संबंध में कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जाएगी और जांच के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को आशा है कि इस जांच से उन्हें न्याय मिलेगा।