//सत्यम खरे//
बाजना(छतरपुर)। जनपद क्षेत्र के बाजना थाना अंतर्गत ग्राम पाटन में दलित मुल्ली अहिरवार को बीते चार-पांच दिनों से पानी भरने से रोका जा रहा था। किसी दबंग द्वारा धमकी दिए जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिससे मुल्ली और उसके परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जैसे ही यह मामला बाजना पुलिस के संज्ञान में आया थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकरवार, एएसआई एमएस मार्को और आरक्षक भरत लाल एवं संजय सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया और विवाद में शामिल लोगों से बात की। पुलिस ने गांव के लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत किया और मुल्ली अहिरवार को पानी भरने की सुविधा फिर से उपलब्ध कराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विवाद मुल्ली अहिरवार और रतिराम अहिरवार के बीच हुए झगड़े से जुड़ा था। झगड़े के बाद रतिराम ने दबंगई दिखाते हुए मुल्ली के परिवार को पानी भरने से रोक दिया था। यह घटना भेदभाव और आपसी वैमनस्य का उदाहरण थी। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल मुल्ली अहिरवार को उसका अधिकार वापस मिला, बल्कि गांव में शांति और सामंजस्य बनाए रखने का सकारात्मक संदेश भी गया। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है।