Translate

गुरुवार, 30 जनवरी 2025

SAGAR: खड़गे की टिप्पणी कांग्रेस की हिंदू आस्था के प्रति नकारात्मक मानसिकता को दर्शाती है:- जिलाध्यक्ष


 आस्था के महाकुंभ जैसे आयोजनों पर सवाल उठाना भारतीय संस्कृति का अपमान है : यश अग्रवाल 

//राजेश पाराशर//

नेटवर्क सागर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा हाल ही में आस्था के महाकुंभ एवं सनातन धर्म को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा  जिला सागर ने बुधवार को मोतीनगर चौराहे पर कांग्रेस और खड़गे का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और उनके नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की और उनके बयान को सनातन धर्म का अपमान बताया।

भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यश अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि 

जिस प्रकार मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी की उपस्थिति में सनातन विरोधी टिप्पणी की, वह कांग्रेस की हिंदू आस्था के प्रति नकारात्मक मानसिकता को दर्शाती है। यदि कांग्रेस नेताओं ने इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

यश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति के खिलाफ बयानबाजी कर रही है, जिससे देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और कांग्रेस पार्टी हिंदू धर्म पर हमले बंद करे। आस्था के महाकुंभ जैसे आयोजनों पर सवाल उठाना भारतीय संस्कृति का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे,  विक्रम सोनी,  रितेश मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।