Translate

शनिवार, 1 मार्च 2025

नवागढ़ में महाकुंभ: महामस्तकाभिषेक संग बुंदेलखंड के तीर्थों पर मंथन कल

//रत्नेश जैन रागी//

नेटवर्क ललितपुर। श्री दिगंबर जैन प्रागैतिहासिक तीर्थक्षेत्र नवागढ़ में चल रहे महामहोत्सव के अंतर्गत रविवार, 2 मार्च 2025 को भव्य महामस्तकाभिषेक, वर्णी संस्थान विकास सभा का शपथ ग्रहण और बुंदेलखंड के तीर्थों के संरक्षण एवं संवर्धन पर मंथन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

यह आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य नयसागर जी महाराज के सान्निध्य में होगा। सुबह महामस्तकाभिषेक संपन्न होगा, दोपहर 01 बजे वर्णी संस्थान विकास सभा के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण होगा, इसके बाद दोपहर 02 बजे से बुंदेलखंड के दिगंबर जैन तीर्थों के संगठन, संरक्षण और संवर्धन पर विशेष मंथन गोष्ठी होगी।

तीर्थक्षेत्र नवागढ़ के महामंत्री वीर चंद्र नैकोरा एवं तीर्थक्षेत्र मध्यांचल कमेटी के प्रचार प्रमुख राजेश रागी ने बताया कि इस विचार गोष्ठी की अध्यक्षता भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन (गाजियाबाद) करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पेंडारी (नागपुर) उपस्थित रहेंगे, जबकि मध्यांचल कमेटी के कार्याध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी संतोष कुमार जैन घड़ी (सागर) विशिष्ट अतिथि होंगे।

इस महत्वपूर्ण मंथन में तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय और मध्यांचल क्षेत्र के पदाधिकारी, बुंदेलखंड के दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र एवं अतिशय क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होकर अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित विद्वान, प्रतिष्ठाचार्य और बालब्रह्मचारी पं. जयनिशांत भैया जी सहित कई विद्वान पंडितों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

तीर्थक्षेत्र नवागढ़ के महामंत्री वीर चंद्र नैकोरा सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मानुरागियों से इस गरिमामयी आयोजन में भाग लेने की अपील की है।