Translate

सोमवार, 17 मार्च 2025

आग से बचाव के लिए वन विभाग ने बढ़ाया जागरूकता प्रयास।

//सत्यम खरे//

बाजना(छतरपुर)।  बक्सवाहा जनपद क्षेत्र के ग्राम बाजना वन परिक्षेत्र में वन विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों को जंगलों में आग न लगाने के प्रति सचेत किया गया। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि आग लगने से न केवल जंगलों का विनाश होता है, बल्कि वन्य जीवों का जीवन भी खतरे में पड़ जाता है। इसके अलावा आग से वनों में मौजूद महुआ, तेंदूपत्ता और अन्य प्राकृतिक संसाधनों को भी भारी नुकसान पहुँच सकता है, जिससे ग्रामीणों की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी रजत तोमर ने बताया कि गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे वनों की जैव विविधता नष्ट होती है और पर्यावरण संतुलन बिगड़ता है। आग लगने से मिट्टी की उर्वरता भी कम होती है, जिससे वनस्पतियों के पुनर्विकास में बाधा आती है। इसके अलावा, जंगलों में लगने वाली आग से कार्बन उत्सर्जन बढ़ता है, और वायु प्रदूषण भी होता है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को आग से बचाव के उपाय भी बताए गए। वन अधिकारियों ने सुझाव दिया कि यदि कोई आग लगते देखे तो तुरंत वन विभाग को सूचित करे और आग बुझाने के प्राथमिक प्रयासों में सहयोग करे। साथ ही ग्रामीणों से यह भी अपील की गई कि जंगलों में जलती हुई बीड़ी-सिगरेट न फेंकें और सूखी पत्तियों व लकड़ियों को जलाने से बचें, ताकि आग लगने की संभावना कम हो।

उल्लेखनीय है कि यह जागरूकता अभियान वन परिक्षेत्र अधिकारी रजत तोमर के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें वन स्टॉफ़ रामेश्वर मिश्रा, बृजेश बिलथरे, जयप्रकाश शर्मा, हरि सिंह, देवी व्यास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।