रूबेला संक्रमण के खिलाफ जागरूकता: डॉक्टर आयूषी सिंह की अनूठी पहल।
//सत्यम खरे//
बाजना(छतरपुर)। जनपद क्षेत्र बक्सवाहा के ग्राम कचारी में रूबेला और खसरा संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता और बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी के मार्गदर्शन में, सरपंच लखनलाल लोधी के सहयोग से डॉक्टर आयूषी सिंह ने इस अभियान का नेतृत्व किया।
डॉ. आयूषी सिंह ने बताया कि मीजल्स-रूबेला संक्रमण को रोकने के लिए मरीजों को अधिक से अधिक घर में रहना चाहिए। जिससे संक्रमण न फैले और शरीर को पर्याप्त आराम मिले। उन्होंने कहा कि यह बीमारी लंबे समय बाद फिर से फैल रही है, इसलिए मैं व्यक्तिगत रूप से हर पहलू पर ध्यान दे रही हूं। जो मरीज अस्पताल आने में असमर्थ हैं, उनके घर जाकर परामर्श दे रही हूं।
इस अभियान के तहत मास्क और पोषण संबंधी सामग्रियों का वितरण किया गया। जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को प्राथमिकता दी जा सके। डॉ. सिंह ने लोगों को बार-बार हाथ धोने और मास्क पहनने की सलाह दी, साथ ही किसी भी स्वास्थ्य समस्या में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने का आग्रह किया।
इस दौरान डॉक्टर आयूषी सिंह स्वयं बुजुर्गों और मरीजों से मिलने उनके घर पहुंचीं, जिसे देखकर ग्रामीणों ने सराहना की। पहली बार किसी डॉक्टर को उनके घर आकर समस्या सुनते देख बुजुर्गों ने इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की नई पहल बताया और डॉ. सिंह को आशीर्वाद दिया।