Translate

शनिवार, 26 जुलाई 2025

बम्हौरी में युवती ने लगाई फांसी: आक्रोशित परिजनों ने शव चौकी के सामने रख किया चक्काजाम।

//प्रियंक चौधरी, प्रमोद दुबे//

बकस्वाहा(छतरपुर)। थाना अंतर्गत बम्हौरी पुलिस चौकी क्षेत्र में आज शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 25 वर्षीय युवती शुचि जैन पुत्री सुनील जैन ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

 परिजनों ने आत्महत्या के लिए कुछ लोगों द्वारा प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों के अनुसार मृतका इंदौर में एम.लिप. पीएचडी की छात्रा थी। जिसे कुछ लोगों ने मानसिक प्रताड़ित किया, इस संबंध में परिजनों द्वारा थाना बकस्वाहा की प्रभारी सुनीता बिंदुआ को लिखित एवं मौखिक शिकायतें सौंपी गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिजनों का कहना है कि यदि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती, तो यह दु:खद घटना टाली जा सकती थी।

परिजनों तथा ग्रामवासियों ने पुलिस की निष्क्रियता से क्षुब्ध होकर आक्रोशित शव को चौकी के सामने रखकर सागर-बकस्वाहा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी रोहित अलावा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। लेकिन परिजन तब तक शव को अंतिम संस्कार के लिए नहीं ले जाने पर अड़े रहे, जब तक आरोपियों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता और जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्यवाही नहीं होती।

साडे सात बजे खबर लिखे जाने तक बम्हौरी बस स्टैंड के पास जाम की स्थिति बनी हुई थी और ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी था।