//रत्नेश जैन रागी//
नेटवर्क छतरपुर। नगर की होनहार एवं मेधावी बिटिया देशना जैन ने कंपनी सेक्रेटरी जैसी कठिन परीक्षा में पूरे देश में शानदार तीसरी रैंक पा कर नगरवासियों के साथ साथ पूरे जैन समाज और परिवार को गौरवान्वित किया है। सुश्री देशना जैन नगर के जानेमाने कपड़ा व्यवसायी श्री सुधीर जैन (हिम्मू) की बेटी एवं श्री रतन चंद ज्ञान चंद जी चौधरी की नातिन हैं।
रिजल्ट आते ही दौड़ी खुशी की लहर
जैन समाज के डा.सुमति प्रकाश जैन ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) द्वारा सीएस परीक्षा (ओल्ड सिलेबस 2017) की मेरिट लिस्ट सोमवार 25 अगस्त 25 को जारी की गई। यह मेरिट लिस्ट जारी होते ही नगर और समाज में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि इस लिस्ट में छतरपुर की मेधावी बेटी देशना जैन ने आल इंडिया में गौरवशाली थर्ड रैंक पाई है।
जिले में थर्ड रैंक पहली बार
छतरपुर जिले के इतिहास में देशना जैन कदाचित पहली प्रतिभागी हैं जिन्होंने सी एस एग्जाम की मेरिट में पूरे देश में थर्ड रैंक हासिल की है। देशना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों, गुरुजनों और हर उस व्यक्ति को दिया है, जिसने उसे मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन दिया है।
आचार्य विशुद्ध सागर जी से मिला आशीर्वाद
जिस समय देशना जैन को आल इंडिया में थर्ड रैंक पाने का समाचार मिला, उस समय वे अपने पिता एवं परिजनों के साथ दमोह जिले के विरागोदय तीर्थ पथरिया में पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के दर्शन करने तथा आशीर्वाद लेने पहुंची थीं। पूज्य आचार्य श्री ने यह शुभ समाचार पाकर देशना को आशीर्वाद प्रदान कर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
जैन समाज व संगठनों ने दी बधाईयां
देशना जैन की इस ऐतिहासिक सफलता पर जैन समाज छतरपुर के अध्यक्ष श्री अरुण जैन अन्नू सहित पूरी कार्यकारिणी के अलावा भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी मध्यांचल के संरक्षक सुरेश जैन आईएएस भोपाल, अध्यक्ष डी के जैन इंदौर, प्रचार प्रमुख राजेश जैन रागी बकस्वाहा सहित तमाम शुभचिंतकों, हितैषियों और गुरुजनों ने देशना जैन को बधाई और शुभाशीष प्रेषित किया है।