ललिता यादव ने घर-घर दस्तक देकर की वोट देने की अपील
शराब और नोट बांटनेवालों पर निगाह रखने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश....

बड़ामलहरा(छतरपुर)| विधानसभा चुनाव का प्रचार बंद होने के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रदेश की राज्यमंत्री ललिता यादव ने आज घर-घर दस्तक देकर लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए विकास की गति और तेज करने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर शराब और नोट बांटकर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
ललिता यादव ने चुनाव प्रचार थमने के बाद घर-घर जाकर मतदाताओं से कहा कि वोट डालना आपका अधिकार है, आपके वोट की ताकत से आपका भविष्य तय होता है। इसीलिए बेहतर भविष्य के लिए मतदान केन्द्र पर जाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए विकास की सोच रखने वाली भाजपा को वोट दें। उन्होंने कहा कि सोच-समझकर लिया गया फैसला हमें 5 साल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, लेकिन हम किसी के बहकावे और जाति-पाति में पड़ गए तो हमें अगले पांच साल सिवाय पछतावे के कुछ नहीं मिलेगा।
भाजपा प्रत्याशी ललिता यादव ने लोगों से कहा कि मोदी जी और शिवराज जी ने गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न योजनाएं चलाई हैं, जिनसे करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। विकास की यह गति और तेज हो तथा लोग बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकें इसके लिए जरूरी है कि भाजपा की सरकार बनवाएं। भाजपा की सरकार बनाने के लिए कमल के निशान वाला बटन दबाकर इस महायज्ञ में अपनी आहुति दें।
उन्होंने इस बीच भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर मतदान के दिन 28 नवम्बर को मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर शत-प्रतिशत मतदान कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कतिपय प्रत्याशी चुनाव जीतने के लिए हथकंडे अपनाकर शराब और नोट बांट रहे हैं, ऐसे लोगों पर निगाह रखें और तत्काल ऐसी कोई भी सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस को जानकारी देकर उनके खिलाफ कार्यवाही कराएं। ताकि चुनाव की निष्पक्षता बनी रहे और मतदाता निडर होकर अपने विवेक से वोट डाल सकें।
☆ विज्ञापनों के लिए संपर्क- (7247230761)