किशोरी का अपहरण कर नाबालिग युवक ने किया दुष्कर्म।
नौगांव(छतरपुर)। थाना क्षेत्र नौगांव के लुगासी चौकी अंतर्गत के एक गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी का जिले के ओरछा थाना अंतर्गत के ग्राम धमोरा में रहने वाले एक नाबालिग युवक द्वारा अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
चौकी पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को बाल न्यायालय पेश किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत की लुगाशी चौकी के एक गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी 26-27 अप्रैल की दरमियानी रात अपने घर से अचानक कहीं लापता हो गई थी।
जिसको परिजनों ने आस-पास खोजा और जब किशोरी का कहीं भी पता नहीं चला तो परिजनों ने लुगाशी चौकी पहुंच कर सूचना दी।
परिजनों की सूचना पर चौकी पुलिस ने गुम इंसान सहित अपहरण का मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की थी जिसके बाद तलाश के दौरान 30 अप्रैल को जानकारी लगी की युवक किशोरी को धमोरा एक घर में रखे हुए है, चौकी प्रभारी महेश पाण्डेय ने आरक्षक अर्जुन सिंह प्रकाश के साथ पहुंच कर चेक किया और 17 वर्षीय युवक सहित किशोरी को बरामद कर थाने लाए। जहां पर पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए। जिसमें पता चला कि युवक की रिस्तेदारी किशोरी के गांव में है वह बहला फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने किशोरी का मेडिकल चेकअप करवाकर आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376, 450, 366, 376/2,ज,झ,ण, 363, 4/5 पास्को एक्ट के तहत कायमी कर बाल न्यायालय में पेश किया गया।