आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने पर अस्पताल को नहीं मिला एक भी रुपया।
ब्यूरो छतरपुर। जिले में अब तक आयुष्मान भारत योजना के तहत 1 लाख 57 हजार हितग्राही जोड़े गए हैं।
इनमें से 399 मरीजों को भर्ती होने पर योजना के तहत इलाज व जांच की सुविधा दी गई है। जिस पर योजना की शुरुआत से लेकर अबतक 13 लाख 58 हजार 800 रुपए खर्च किए गए। लेकिन जिला अस्पताल व उससे संबंधित जांच करने वाली संस्थाओं को अभी तक एक भी रुपया नहीं मिला है।
जिला अस्पताल द्वारा संचालित सीबीसी, एक्सरे जांच तो हो रही हैं, लेकिन अनुबंधित संस्थाए सिटी स्कैन व डायलिसिस जैसी सुविधाएं मरीजों को इस योजना के तहत देने से कतराने लगे हैं।
योजना के तहत जांच न करने के लिए खुलकर तो नहीं बोलते, लेकिन मरीजों को टाल देते हैं। इधर सीएससी से योजना के तहत पंजीयन के काम पर ब्रेक लग गया है, जिससे नए हितग्राहियों को जोडऩे का जिले में केवल तीन जगह ही हो पा रहा है।