Translate

गुरुवार, 5 सितंबर 2019

रूढि़वादी परंम्परा को उखाड़ फेके: मंत्री श्री यादव।

रूढि़वादी परंम्परा को उखाड़ फेके: मंत्री श्री यादव।


//अक्षय जैन//

बडा़मलहरा(छतरपुर)| समाज को सार्थक दिशा में ले जाने और समाज की दशा बदलने में युवा वर्ग का अहम योगदान है। अंधविश्वास और रूढ़िवादी परम्परा को छोड़ना किसी भी समाज के हित के लिए जरूरी है।
इसके अलावा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनावश्यक चीजों का त्याग करना भी बहुत आवश्यक है। यह बात प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हर्ष यादव ने बड़ामलहरा के हनुमान बाग पार्क स्थित मंदिर परिसर में मटकी फोड़ कार्यक्रम में कही।
    उन्होंने बड़ामलहरा को बुंदेलखण्ड का हृदयस्थल बताते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए बच्चों की शिक्षा जरूरी है। समाज के लोगों को यह समझना होगा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा जरिया है, इसलिए अभिभावक बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करें और समाज को नई दिशा में बढा़ने के लिए अपना अमूल्य योगदान दें। मंत्री ने कहा कि सफलता पर परिवार के साथ-साथ समाज का भी मान-सम्मान बढ़ेगा।

दबाव और प्रभाव से बचें,स्वभाव से मन को जीतें

    मंत्री श्री यादव ने नसीहत दी कि दबाव और प्रभाव की परिपाटी से बचकर स्वभाव से मन जीतने की कला विकसित करें। समाज के लोगों से नशा और मृत्यु भोज बंद करने का आव्हान भी मंत्री ने किया। इसके अलावा युवाओं से अधिक आमदनी के लिए कृषि और दूध का परम्परागत व्यवसाय के स्थान पर आधुनिक और तकनीकी व्यवसाय अपनाने की अपील भी की। उन्होंने किसी भी समस्या पर हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
    विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और समाज में शान से जीने के लिए आपसी मनमुटाव छोड़ने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है, इसलिए इस बुराई को दूर करना जरूरी है।
    कार्यक्रम के पहले बिहारी मंदिर से हनुमान बाग पार्क तक शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री ललिता यादव, पूर्व विधायक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।