Translate

शनिवार, 7 सितंबर 2019

दमोह। रेलवे में बदलाव,प्रतिदिन होगी इस एक्सप्रेस की सुविधा।

दमोह। रेलवे में बदलाव,प्रतिदिन होगी इस एक्सप्रेस की सुविधा।


//नरेंद्र अहिरवार, खिलान पटेल//

ब्यूरो दमोह। जबलपुर पश्चिम मध्य रेल परिक्षेत्र के सांसदों की बैठक शुक्रवार को जबलपुर में आयोजित की गई। इस बैठक में दमोह सांसद प्रतिनिधि डॉ. आलोक गोस्वामी ने दमोह लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया।
सांसद प्रतिनिधि श्री गोस्वामी ने बताया कि दमोह से बीना व दमोह से कटनी रेलखंड के बीच में रेल सुविधाओं का विस्तारीकरण होना जरूरी है। दमोह सांसद प्रहलाद सिंह पटेल की पहल पर 22 अप्रैल 2018 को भारत सरकार के रेल मंत्री ने क्षिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाया जाने का पत्र जारी किया था, लेकिन सवा साल से ऊपर होने पर क्षिप्रा नियमित नहीं चल रही है।
 इस पर गोस्वामी ने कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि आखिर क्षिप्रा एक्सप्रेस को अभी तक प्रतिदिन क्यों नहीं किया गया। जवाब में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अजय विजयवर्गीय ने कहा कि उक्त आदेश पर शीघ्र ही क्षिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन किया जाएगा। दमोह से नागपुर जाने के लिए अभी तक कोई सीधी गाड़ी नहीं है।
जबकि यह गौरतलब है कि दमोह से नागपुर अधिकांश लोग इलाज के लिए जाते हैं। आमजन की सुविधा को देखते हुए दमोह से नागपुर के लिए शीघ्र नई रेल की सुविधा मिले।
जिस पर जीएम ने कहा कि जल्द ही कटनी-बीना रूट से नागपुर के लिए ट्रेन की सुविधा कराई जा रही है। इसके अलावा गाडिय़ों के दमोह में स्टापेज न होने व प्रसिद्ध तीर्थ बांदकपुर में जो ट्रेन नहीं रुकती, उन्हें रोकने की मांग रखी गई। जिस पर महाप्रबंधक ने कहा कि इन मांगों को भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

इस दौरान सतना सांसद गणेश सिंह, सागर सांसद राजबहादुर सिंह, सीधी सांसद रीति पाठक, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, खजुराहो सांसद बीडी शर्मा, दमोह सांसद प्रतिनिधि गोस्वामी के अलावा भाजपा सह मीडिया प्रभारी मोंटी रैकवार, मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मनोज सिंह, उप महाप्रबंधक आशुतोष पांडे की विशेष मौजूदगी रही।