जिले में सघन रूप से जारी हुई धारा 144
ब्यूरो छतरपुर। बुंदस की अध्यक्षता में शहर में आगामी 10 नवम्बर को मिलाद-उन-नबी और 12 नवम्बर को गुरूनानक जयंती का त्यौहार मनाए जाने के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सभी त्यौहारों को शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ मनाए जाने के संबंध में चर्चा हुई।
कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारी को त्यौहार के अवसर पर साफ-सफाई, पेयजल और चलित शौचालय की व्यवस्था और विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अन्य अधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन कराने के लिए निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने समिति सदस्यों को त्यौहार के दौरान पुलिस प्रशासन के भरपूर सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह इस बार भी मिलाद-उन-नबी और गुरूनानक जयंती का त्यौहार शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए।
अफवाह पर न दें ध्यान।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने आव्हान किया कि त्यौहार के दृष्टिगत असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया में फैलाई जाने वाले तथ्यहीन अफवाहों और खबरों पर ध्यान न दें और इन्हें फारवर्ड अथवा वायरल करने की प्रवृत्ति से बचें। इसके अलावा इस तरह के कृत्यों पर कोई रिएक्शन न दें।पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि आगामी दिनों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या मामले पर अंतिम निर्णय सुनाया जा सकता है। इस दरम्यान भी न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और जातिधर्म के आधार पर पाखंड फैलाने या झगड़ा करने से बचें। बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।
कण्ट्रोल रूम स्थापित।
बैठक में प्राप्त सुझावों के बाद त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की सूचनाओं की आदान-प्रदान के लिए कण्ट्रोल रूम गठित करने का निर्णय भी लिया गया। कण्ट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07682-248546 है।मुश्किलकुशा मैदान से निकलेगा जुलूस
मिलाद-उन-नबी त्यौहार पर 10 नवम्बर को मुस्लिम समुदाय द्वारा मुश्किलकुशा मैदान छतरपुर से दोपहर 2.45 बजे जुलूस निकाला जाएगा।
यह संकट मोचन, ग्वाल मगरा, गांधी चौक, महल चौक होते हुए पुरानी ईदगाह पहुंचकर शाम 7 बजे समाप्त होगा।
बैठक में किसी भी प्रकार के आग्नेय शस्त्रों का उपयोग एवं प्रदर्शन और डी.जे. का उपयोग नहीं करने पर भी निर्णय हुआ। इसके अलावा रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विशेष परिस्थितियों में इनके उपयोग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त करना जरूरी है।
12 नवम्बर को गुरूनानक जयंती के अवसर पर 550 वें प्रकाश पर्व मनाए जाने और शोभा यात्रा निकाले जाने के संबंध में जरूरी व्यवस्थाओं के लिए भी बैठक में चर्चा हुई।
अतः इस अवसर पर एसडीएम, नगर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, समिति के सदस्यगण और पत्रकारगण मौजूद रहे।