Translate

सोमवार, 27 जनवरी 2020

खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की बड़ी कार्यवाही,गुणवत्ता परीक्षण हेतु भोपाल भेजे गए खाद्य पदार्थों के नमूनें।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की बड़ी कार्यवाही,गुणवत्ता परीक्षण हेतु भोपाल भेजे गए खाद्य पदार्थों के नमूनें।


●  जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर होगी नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही।


//नरेंद्र अहिरवार//

नेटवर्क दमोह। कलेक्टर,दमोह तरुण राठी एवं डीओ खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ. आर.के. बजाज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी,दमोह राकेश अहिरवाल,प्रीति राय एवं माधवी बुधौलिया ने दमोह शहर,हटा एवं नरसिंहगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कार्यवाही करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूनें जांच हेतु लिए हैं। दमोह में निरीक्षण की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश अहिरवाल ने दमोह शहर में घंटाघर,मागंज स्कूल के पास स्थित नेस्ले कंपनी के डीलर जतिन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। मौके पर विक्रय हो रहे नेस्ले कंपनी का मिल्कमेड कंडेंस्ड मिल्क एवं मिल्कीबार चॉकलेट का नमूना जांच हेतु लिया गया है। उक्त खाद्य प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस की प्रति परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित पाई गई है। खाद्य विक्रेता को परिसर में फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में प्रीति राय खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने हटा में भारत नमकीन दुकान का निरीक्षण करके नमकीन का नमूना जांच हेतु लिया है। इसी तरह माधवी बुधौलिया खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बस स्टैंड, नरसिंहगढ़ स्थित भोले शंकर किराना से गाय के घी का नमूना जांच हेतु लिया है। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर इस संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने समस्त खाद्य विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठान में फ़ूड लाइसेंस एवं फ़ूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड की प्रति जरूर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें एवं उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।