कोरोना वायरस से जिले में हाई एलर्ट जारी।
दमोह कलेक्टर ने वायरस से बचाव हेतु निर्देश किए जारी।
//नरेंद्र अहिरवार//
नेटवर्क दमोह। कोरोना वायरस एक नई बीमारी है, जो आजकल अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर चीन में फैल रही है, और अन्य देशों को भी प्रभावित कर रही है। यह फ्लू जैसी बीमारी है। इसके बचाव हेतु कलेक्टर तरूण राठी के निर्देश पर एडवाईजरी जारी करते हुये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. बजाज ने कहा है, कोरोना वायरस बीमारी मनुष्य से मनुष्य में संचारित होती है इस बीमारी में सर्दी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ श्वसन संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।उन्होंने कहा है अगर इस प्रकार के लक्षण किसी व्यक्ति को दिखाई दें तो तत्काल जिला चिकित्सालय में चिकित्सक से संपर्क करें । यदि आप पिछले १५ जनवरी के बाद वुहान चीन से लौटे हैं या कोरोना वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति के संपर्क में आये हैं अथवा चीन से लौटने के बाद २८ दिन के भीतर अगर आपको बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसी कोई भी समस्या हो तो तुरंत जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मे पदस्थ चिकित्सक से संपर्क करें । एहतियात के तौर पर बीमारी से बचाव हेतु सावधानियां रखना जरूरी है।
सावधानियां
उन्होंने बताया सार्वजनिक जगहों पर खांसते अथवा छींकते समय मुंह, नाक में रूमाल टिशू पेपर या हांथ लगायें। अगले १४ दिनों के लिये सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। यथा संभव अलग कमरे में सोये। छींकते और खांसते समय नाक एवं मुंह को ढंके। नियमित रूप से साबुन एवं पानी से हांथ धोयें। जिस व्यक्ति में खांसी-जुकाम अथवा बुखार के लक्षण हों उनसे पर्याप्त दूरी बनाये रखने तथा एहतियात बरतने की सलाह दी है।