//रमेश अग्रवाल//
ब्यूरो नेटवर्क पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के जनपद पंचायत गुन्नौर के जनपद सीईओ ओमप्रकाश अस्थाना को बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित पाए जाने एवं अन्य कारणों की वजह से सागर संभाग के कमिश्नर अजय सिंह गंगवार ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अस्थाना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जाता है कि पन्ना जिले के अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र गुन्नौर में 06 दिवस पूर्व कोरोना पॉजिटिव मरीज पाया गया था। गुन्नौर क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के सम्बंध में ओपी अस्थाना मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुन्नौर को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था कि श्री अस्थाना अपने क्षेत्र में कोरोना महामारी की रोकथाम से सम्बंधित आवश्यक व्यवस्थाए करेंगे किंतु दिनांक 19 मई को क्षेत्र में पुनः 1 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा गुन्नौर भ्रमण के दौरान गुन्नौर क्षेत्र में की गई व्यवस्थाएं शिथिल पाई गई तथा श्री अस्थाना बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया है कि श्री अस्थाना द्वारा कोरोना जैसी गम्भीर महामारी की रोकथाम के लिये कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत श्री अस्थाना के द्वारा किया गया उक्त कृत्य अपने कार्य के प्रति लापरवाही उदासीनता एवं अनुशासनहीनता का परिचायक है। वर्तमान समय मे नोबल कोरोना वायरस जैसी महामारी के संकट के समय उक्त कृत्य गम्भीर कदाचरण है।कलेक्टर जिला पन्ना से श्री अस्थाना के प्रति अनुशासनात्मक कार्यवाही निलम्बन के प्राप्त प्रस्ताव के परिपेक्ष्य में अस्थाना को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम (1)(2)(3) एवं मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 09 के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलम्बन अवधि में उनका मुख्यालय जिला पंचायत पन्ना नियत किया गया है।
