//प्रशांत जैन"पंकज"//
बक्सवाहा(छतरपुर)। शासकीय हाईस्कूल गड़ोही विकासखंड बकस्वाहा के प्राचार्य श्री राकेश कुमार तिवारी की लगन एवं मेहनत से विद्यालय के परिसर में विगत वर्ष से विद्यालय की बाउंड्री वाल तैयार करवाने के उपरांत वृक्षारोपण कर अभी तक लगभग 150 पेड़ लगाए जा चुके हैं जिनकी लगातार देखरेख एवं निगरानी से आज बड़े वृक्ष बन चुके हैं। इनमें कंजी ,आँवला ,अमरुद ,नींबू ,बरगद ,नीम,शीशम,पीपल,जामुन, आम एवं अन्य छायादार तथा फलदार वृक्ष हैं। विद्यालय परिसर की भूमि पथरीली होने से बकस्वाहा के तालाब से काली मिटटी ट्रेक्टर ट्राली से परिसर में गड्डे करवाकर डाली जाकर वृक्षारोपण किया गया। जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर में पदस्थ ए पी सी श्री आर एस भदौरिया द्वारा विद्यालय के परिसर में गत वर्ष किचिन गार्डन तैयार करने हेतु प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक श्री उमराव पटेल , मनोज शर्मा, जय प्रकाश अठ्या ,संतोष अहिरवार,अशोक ठाकुर, कंप्यूटर ऑपरेटर ,विद्यालय के चौकीदार श्री रामप्रसाद यादव एवं एस एम सी अध्यक्ष श्री बंदू सौर द्वारा प्रेरित होकर विद्यालय परिसर में किचिन गार्डन तैयार करने में सहयोग किया गया। इसके लिए काली मिटटी बुलवाकर किचिन गार्डन तैयार किया गया जिसमें बैंगन ,टमाटर,पालक ,गोभी ,धनिया ,मूली एवं मिर्च आदि सब्जियाँ लगाई गयीं जिनकी पैदावार पर्याप्त मात्रा में विगत वर्ष होती रही। वर्तमान में किचिन गार्डन में लौकी, ककड़ी, गिलकी ,बरबटी ,सेम ,पालक, टमाटर, बैगन ,मूली, हरी मिर्च साथ ही कुछ मूंगफली लगाई गयी है। किचिन गार्डन से प्राप्त होनेवाली सब्जियों से विद्यालय के बच्चों को मध्यान्ह भोजन हेतु पर्याप्त ताजी सब्जियां उपलब्ध होती रहेंगीं ।किचिन गार्डन में रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं किया जाकर जैविक खाद का प्रयोग किया जा रहा है। विद्यालय परिसर में किचिन गार्डन एवं वृक्षों से परिसर हरा भरा दिखता है। स्टेट हाईवे 37 पर स्थित हाईस्कूल गड़ोही की हरियाली इस मार्ग से गुजरने वालों की नज़र बरबस ही खींच लेती है। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में फूलों के पौधे रोपित किये गए हैं जिनमें गेंदा ,गुड़हल,गुलमोहर, कनेर,गुलाब एवं अन्य हैं जो विद्यालय परिसर को आकर्षक़ ,स्वच्छ एवं सुन्दर बनाते हैं।
