//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
ब्यूरो छतरपुर। छतरपुर जिले में गेंहू खरीदी का कारोबार काफी जोरशोर से चल रहा है। जिले के कलेक्टर प्रतिदिन बैठक लेकर यह निर्देश दे रहे हैं कि घटिया किस्म का गेंहू किसी भी कीमत पर खरीदा न जाए। परंतु समिति प्रबंधक कलेक्टर के आदेशों की धज्जियां उड़ाकर अमानक स्तर का घुन लगा गेंहू खरीदकर वेयर हाउसों में भेज रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बड़ामलहरा क्षेत्र की वीरों सोसायटी के प्रबंधक के द्वारा 600 बोरी गेंहू जो कि पूरा घुना हुआ था उसको लोड कराकर छतरपुर सागर स्थित राजाराम वेयर हाउस में भेज दिया। सूचना मिलने पर अपर कलेक्टर और भू अभिलेख अधीक्षक आदित्य सोनकिया और उनकी टीम ने अचानक छापामारा जहां सर्वेयर ने गेंहू को अमानक माना और गेंहू को वेयर हाउस में नहीं रखने दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरे जिले में एफएक्यू क्वालिटी का गेंहू खरीदा जाना था परंतु फूड विभाग के अधिकारियों और विपणन संघ के अधिकारियों की मिली भगत के चलते धड़ल्ले से धटिया किस्म का गेंहू खरीदकर वेयर हाउसों में भेजा जा रहा है।
दो दिन और बढ़ जाने के कारण गेंहू खरीदी केन्द्रों पर व्यापारियों द्वारा घुना एवं घटिया किस्म का गेंहू तौला जा रहा है और समिति प्रबंधकों के द्वारा मोटी रकम लेकर इस गेंहू ठिकाने लगाए जा रहा है। हालांकि इस संबंध में जिले के कई अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की तो उन सभी अधिकारियों के फोन स्विच बता रहे थे। फिलहाल वीरों सोसायटी के समिति प्रबंधक भानु प्रताप अवस्थी के खिलाफ एफआईआर होना लगभग तय माना जा रहा है। छतरपुर जिले में 30 लाख क्विटंल गेंहू खरीदने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें अभी तक लगभग 28 लाख क्विंटल गेंहू की खरीदी हो चुकी है। मजेदार बात ये है कि कलेक्टर के द्वारा हर स्तर पर अधिकारियों को तैनात किया गया था उसके बावजूद भी घटिया किस्म का गेंहू हजारों क्विंटल रातों रात वेयर हाउसों में जमा हो चुका है। जिसकी जांच होना अति आवश्यक है।