Translate

मंगलवार, 21 सितंबर 2021

छतरपुर। शराब ठेकेदारों ने सिंडीकेट बनाकर शराब को किया मंहगा...उपभोक्ताओं को लग रहा है चूना।

//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

ब्यूरो छतरपुर। शहर की चार अंग्रेजी शराब की दुकानें एवं देशी दुकानों पर शराब ठेकेदारों ने सिंडीकेट कर शराब की कीमतों में काफी बढौत्तरी कर ली है। जिसके चलते उपभोक्ताओं को शराब ऊंची कीमतों पर बिना बिल पर लेना पड़ रहा है। दुकानदारों द्वारा बिल भी नहीं दिया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शहर की एक नंबर दुकान बसस्टैण्ड, एवं आकाशवाणी चौराहे की दुकान नंबर दो, तीन नंबर दुकान गल्लामंडी, दुकान नंबर चार सटई रोड पर इस समय इन चारों दुकानों पर एक कीमत पर शराब दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर मप्र की सीमा से लगे उप्र क्षेत्र के ठेकेदारों के द्वारा लगातार मप्र के क्षेत्र में देशी एवं विदेशी शराब दो नंबर में भेजी जा रही है। लवकुशनगर क्षेत्र में अधिकांश शराब महोबा एवं बांदा जिले से सप्लाई हो रही है इसी प्रकार नौगांव क्षेत्र में उप्र से लगे धौर्रा, कुलपहाड़ एवं रगौली के पास उप्र के कुछ ठेकों से लगातार अंग्रेजी व देशी शराब आ रही है। जिसके चलते मप्र सरकार के ठेकेदारों को काफी नुकसान हो रहा है। जिले में विभिन्न क्षेत्रों में अलग अलग कीमत की शराब बेची जा रही है। जो कि एक जिले में जिला प्रशासन के लिए सवालिया निशान लगा रहा है। हालांकि इस कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मप्र सरकार के द्वारा एक्साइज ड्यूटी अधिक लगाई गई है जिसके कारण मप्र में शराब की कीमतें ज्यादा है जबकि उप्र में उसी ब्रांड की शराब काफी कम कीमत पर उपलब्ध हो जाती हैं। फिलहाल शहर की चार दुकानों में सिंडीकेट के चलते शराब की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस संबंध में जिले के आबकारी विभाग के जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में हम ठेकेदारों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करते। सरकार की नीति ऐसी है।