//सौरभ जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। शासकीय नवीन महाविद्यालय बकस्वाहा जिला छतरपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं आवाज संस्था जिला छतरपुर के संयुक्त तत्वावधान में परवाह परियोजना के अंतर्गत बाल तस्करी रोकथाम पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें महाविद्यालय के रासेयो स्वयंसेवको द्वारा गाँव-गाँव जाकर नुक्कड़ नाटक अभिनय किया जा रहा है। महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का शुभारंभ दिनांक 24 फरवरी को तहसीलदार बकस्वाहा के मुख्य आतिथ्य में प्रारंभ हुआ जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बकस्वाहा विकासखण्ड की महिला एवं बाल विकास अधिकारी शामिल रहीं।
अवधेश प्रताप सिंह ने आगे बताया कि उपरोक्त अभियान के तहत विगत एक हफ्ते से बकस्वाहा विकासखण्ड के गाँव-गाँव जाकर रासेयो सेवक अपने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहें हैं।
इस अभियान के तहत अभी तक अमोदा, कैरवारा, जुझारपुरा, मानकी, बूढीश्यामर, सुनवाहा, पौड़ी आदि ग्रामों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जा चुका है। श्री सिंह ने बताया कि समाज में अशिक्षा, आर्थिक विपन्नता एवं लिंग-भेद के कारण बाल तस्करी जैसे कुरीतियां उपजी हैं जिसे जनजागरूकता के ही माध्यम समस्त जनता को इसके प्रति सचेत एवं जागरूक किया जा सकता है।
इस अभियान में आवाज संस्था जिला छतरपुर के श्री शिवम तिवारी एवं श्री रामदत्त ठाकुर का नुक्कड़ नाटक के अभिनय निर्देशन में विशेष रूप से मार्गदर्शन रहा।