//रत्नेश रागी//
बकस्वाहा(छतरपुर)। तहसील अंतर्गत देश का सुविख्यात जैन तीर्थ नैनागिरि में अष्ट दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान समारोह विश्वशांति महायज्ञ , सम्मान , महामस्तकाभिषेक , भूमि पूजन व शिलान्यास सहित विविध कार्यक्रमों के साथ आगामी 10 से 17 मार्च 2022 तक आयोजित किया जा रहा है ।
श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि की ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष सुरेश जैन आईएएस एवं विधान समिति के महामंत्री राजेश जैन रागी ने बताया कि अष्टान्हिका के पावन अवसर पर अष्ट दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान समारोह विविध कार्यक्रमों के साथ वर्ष 2021 मे प्रतिष्ठित विशाल भव्य सिध्द मंदिर जी मे आयोजित किया जा रहा है । इस अवसर पर 10 मार्च के प्रात: 10:00 बजे समवशरण मंदिर के सुदृढ़ीकरण प्रोजेक्ट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास , दोपहर 3:00 से षटखण्डागम श्रुत मंदिर का भूमि पूजन एवं शिलान्यास तथा पंचकल्याणक महोत्सव की अष्टकुमारियों का सम्मान समारोह किया जावेगा।
11 मार्च के प्रातः जल मंदिर परिसर में स्थित मानस्तंभ पर विराजमान मूर्तियों का महामस्तकाभिषेक एवं पंचकल्याणक वर्ष 2014 का स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा । 12 मार्च को प्रातः 10:00 बजे पर्वत पर स्थित प्राचीनतम पारसनाथ मंदिर परिसर में स्थित मानस्तंभ पर विराजमान मूर्तियों का महामस्तिकाभिषेक और समापन दिवस 17 मार्च को विश्वशांति महायज्ञ वात्सल्य भोज और दोपहर में रथ यात्रा की जाकर आभार सम्मान समारोह किया जाएगा। समारोह में प्रतिदिन प्रातः पूजन , अभिषेक , शांतिधारा , विधान व नैनागिरि पूजा व वरदत्तादि ऋषिराजों का अर्घ समर्पित किया जायेगा तथा रात्रि समय आरती,शास्त्र प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम किये जायेंगे।
विधान समापन उपरांत 18 मार्च को प्रातः 10:00 बजे तलहटी मंदिर परिसर में स्थित मानस्तंभ पर विराजमान मूर्तियों का महामस्तकाभिषेक किया जाएगा। जैन तीर्थ नैनागिरि की कमेटी व विधान समिति ने इस अवसर पर सभी सधर्मी बन्धुओं से पधार कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।