नेटवर्क शहडोल। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने विधायक जयसिंह मरावी की स्कार्पियो को टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर विधायक का वाहन पलट गया। हादसे में विधायक बाल-बाल बचे। मामला बुधवार की देर रात का बताया जा रहा है। हादसा बुढार थाना क्षेत्र के NH-43 मारुती नंदन पेट्रोल पंप के पास हुआ।
जैतपुर विधानसभा के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जयसिंह मरावी को हादसे में हल्की चोट आई है। वहीं विधायक के गनमैन और स्कार्पियो चालक को भी हल्की चोट लगी है। विधायक की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लौट रहे थे
उमरिया के बांधवगढ़ एक दिवासीय दौरे पर आए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला से मुलाकात कर वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। देर रात की घटना होने के कारण अज्ञात वाहन चालक का पता नहीं लग पाया है। मामले की जानकारी लगने पर बुढार पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में जांच जारी है।