//रितिक राज शाह//
नेटवर्क ग्वालियर। देश में लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। ग्वालियर चंबल अंचल के 228 कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। इन सभी कार्यकर्ताओं को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में टिकट कटने, भितरघात के आरोप और अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद भी पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। चुनाव परिणाम आने और बीजेपी की सरकार बनने के बाद भी नेता कांग्रेस पार्टी छोड़ रहे हैं। इसी बीच ग्वालियर चंबल में कांग्रेस को यह बड़ा झटका लगा है।
228 कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन
चंबल के 228 कांग्रेसी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। पूर्व विधायक राकेश मावई की अगुवाई में उन्होंने बीजेपी को ज्वाइन किया है। इन सभी कार्यकर्ताओं को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जयविलास पैलेस में सदस्यता दिलाई और सभी का स्वागत किया।
हाल ही में पूर्व विधायक ने ली थी BJP की सदस्यता
आपको बता दें कि पूर्व विधायक राकेश मावई ने भी हाल ही में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उन्होंने मुलाकात की थी और बीजेपी में शामिल हो गए। राकेश मावई मुरैना सीट से कांग्रेस से टिकट कटने से नाराज चल रहे थे।