//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। जिला दंडाधिकारी कलेक्टर पार्थ जायसवाल और पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में आज स्वतंत्रता दिवस की फाइनल परेड रिहर्सल भव्य रूप से संपन्न हुई। यह आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन परिसर में हुआ, जहां 15 अगस्त 2024 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सलामी, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
रिहर्सल की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रीय सलामी के साथ हुई। इसके बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने फाइनल परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया। पुलिस परेड ग्राउंड का भौतिक निरीक्षण करते हुए उन्होंने संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस परेड में शामिल पुलिस बैंड प्लाटून का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बैंड की धुन पर पुलिस परेड प्लाटून ने अद्वितीय प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने वाद्य यंत्र, संगीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परेड कमांडर, समस्त प्लाटून कमांडरों और बल को पुलिस अधीक्षक ने साफ-सुथरे गणवेश, पंक्तिबद्ध मार्च और हर्ष फायरिंग के लिए दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने यातायात प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
स्वतंत्रता दिवस परेड की कमान रक्षित निरीक्षक रक्षित केंद्र छतरपुर पूर्णिमा मिश्रा के नेतृत्व में और सेकंड इन कमांड सूबेदार प्रभा सिलावट के सहयोग से संभाली गई। परेड में जिला पुलिस बल छतरपुर, विशेष सशस्त्र बल कंपनी 29वीं बटालियन दतिया, पुलिस बैंड प्लाटून, नगर सैनिक बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर, स्काउट सहित विभिन्न प्लाटून ने भाग लिया।
इस रिहर्सल में अपर कलेक्टर छतरपुर मिलिंद नागदेव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम और अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
