Translate

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024

मडदेवरा में चोरी की योजना से घुसे अपराधियों का पुलिस ने किया खुलासा!!*...बकस्वाहा पुलिस ने 03 आरोपी दबोचे।

//अनिल जैन, रूपेश जैन//

बकस्वाहा(छतरपुर)। मडदेवरा गांव में चोरी के इरादे से घर में घुसकर हमला करने और हवाई फायर करने के मामले में बकस्वाहा पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर 3000 रुपये का इनाम घोषित था।


यह घटना 6 सितंबर 2024 की रात हुई, जब बदमाशों ने अभिलाष पटैलिया के घर में जबरन घुसकर धारदार हथियार से हमला किया और हवाई फायर किया। फरियादी की शिकायत पर बकस्वाहा पुलिस ने मामला दर्ज कर, जांच में गंभीर चोट और अवैध हथियार से संबंधित धाराएं जोड़ीं।


छतरपुर के पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया, जिसने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:

1. सुनील लोधी, निवासी मडदेवरा

2. हरिश्चंद्र उर्फ बाबा लोधी, निवासी मडदेवरा

3. तुलसी लोधी, निवासी बमनौरा, जिला छतरपुर  


पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा और कटर भी बरामद किया है। इनमें से सुनील और बाबा लोधी पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़ा मलहरा श्री रोहित अलावा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल मार्को और उनकी टीम ने विशेष भूमिका निभाई।


पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।