//सत्यम खरे//
बाजना(छतरपुर)। छतरपुर जिला पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में एवं एसडीओपी बड़ा मलहरा के मार्गदर्शन में पुलिस थाना बाजना परिसर में शस्त्रधारियों और वरिष्ठ नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकरवार ने की।
बैठक में शस्त्रधारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी बंदूक या राइफल किसी अन्य को न दें और न ही इनका उपयोग सेल्फी या फोटो खींचने में करें। साथ ही, कारतूस बेचने या किसी को देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। यह भी बताया गया कि अब शस्त्रधारकों के कारतूसों का हिसाब लिया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति बंदूक या कट्टे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें निमानी सरपंच लक्ष्मी जगदीश यादव, बाजना सरपंच भगवती मुन्ना शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह बुंदेला, भूपेंद्र सिंह परमार, मिलन यादव, पप्पू श्रीकांत, मोती राजू, गुड्डू बाबू, राजा जगारा, संतोष सेन (प्राचार्य निमानी) समेत अन्य लोग शामिल थे। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की।