//विनोद कुमार जैन//
बक्स्वाहा(छतरपुर)। वकस्वाहा व्यापारी संघ बकस्वाहा द्वारा एक बैठक का आयोजन व्यापारी संघ अध्यक्ष नीरज बन्ना 'पंकज बन्ना" के प्रतिष्ठान पर किया गया, जिसमें विकासखण्ड बकस्वाहा के समस्त वनोपज संग्रहणकर्ताओं को महुआ फूल और तेंदूपत्ता के संग्रहण के दौरान सूखा सामग्री ही लाने की अपील की गई। बैठक में यह निर्देश दिया गया कि महुआ गीला लाना व तेंदूपत्ता कच्चा तोड़ना पूरी तरह से प्रतिबंधित है और यह वनोपज अधिनियम के तहत दण्डनीय अपराध है।
बैठक में संघ के अध्यक्ष नीरज पंकज बन्ना ने कहा, "हम सभी वनोपज संग्रहणकर्ताओं से निवेदन करते हैं कि वे केवल सूखा महुआ और परिपक्व तेंदूपत्ता ही संग्रहित करें। कच्चा अचार (चरवा) तोड़ना और कच्चा तेंदूपत्ता तोड़ना कानूनन अपराध है और इससे न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन होगा, बल्कि भविष्य में वनोपज के उचित मूल्य और बोनस दर में कमी आ सकती है।"
व्यापारी संघ के वीरेंद्र सिघई ने इस अवसर पर वनोपज संग्रहणकर्ताओं को यह भी बताया कि परिपक्व तेंदूपत्ता तोड़ने पर उन्हें उचित मूल्य और बोनस की दर में वृद्धि की उम्मीद रहती है।
बैठक में उपस्थित सभी किसान व संग्रहणकर्ताओं ने संघ के दिशा-निर्देशों का पालन करने का संकल्प लिया और इस अभियान में सहयोग देने की बात की। संघ के अध्यक्ष ने सभी को एकजुट होकर वनोपज के संरक्षण की दिशा में प्रयास करने की अपील की और कहा, "स्वच्छ भारत, स्वच्छता अभियान, स्वच्छ माल और स्वच्छ दाम की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण है।"
संघ के सदस्य प्रकाश चंद जैन सुनवाहा ने कहा कि यह बैठक वनोपज संग्रहणकर्ताओं को जागरूक करने और वनोपज के संग्रहण में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की गई है उन्होने बताया की वकस्वाहा क्षेत्र मे किसानो को जगरूक करने के लिए क्षेत्र मे व्यापारी संध द्वारा बेनर पंपलेट के माध्यम से जगरूक करने का प्रयास शुरू किया जा रहा है।
बैठक मे व्यापारी संघ के अध्यक्ष नीरज पंकज बन्ना, वीरेन्द्र सिघई, प्रकाश चंद जैन सुनवाहा, महेन्द्र जैन 'दाऊ',दिनेश ताम्रकार, मदन आसाटी,मुलायम फट्टा, राकेश फट्टा, श्याम नारायण खरे फौजी, परसू साहू, सौरभ जैन, आशीष गुप्ता, सुरेन्द्र कुमार बड्डू, जितेन्द्र कुमार छोटू, सुनील साहू, सहित बडी संख्या मे व्यापारी शामिल हुए।