Translate

शनिवार, 19 अप्रैल 2025

तरुण मित्र परिषद दिल्ली द्वारा नैनागिरि में नि:शुल्क दिव्यांग शिविर का होगा आयोजन।

 

//त्नेश जैन रागी, रुपेश जैन, अनिल बड़कुल//

बकस्वाहा(छतरपुर)। दिल्ली की प्रमुख  समाजसेवी  अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद  द्वारा बकस्वाहा तहसील अंतर्गत श्री दिगम्बर जैन सिद्धक्षेत्र (रेशंदीगिरि) नैनागिरि  मे निःशुल्क विराट दिव्यांग कैम्प का आयोजन 4 मई 2025 रविवार को किया जा रहा है ।  


       परिषद  के महासचिव अशोक जैन ने बताया कि यह 57 वां विराट दिव्यांग कैम्प  4 मई को नरेन्द्र जैन व पुष्पा जैन की स्मृति मे उनकी सुपुत्रियां बबीता, मंजू व  पूनम जैन  परिवार  दिल्ली  के सहयोग से आयोजित किया जाएगा ।  इस कैम्प में दिव्यांगों को कृत्रिम अंग ( हाथ व पैर ), पोलियोग्रस्त बच्चों को कैलिपर्स,  ऑर्थोशूज (जूते ) आदि व श्रवणहीन बुजुर्गों को श्रवणयंत्र प्रदान करने हेतु 4 मई  को नैनागिरि में आयोजित  कैम्प  मे चयन कर नाप लिया जाएगा व दिल्ली स्थित कार्यशाला में बनाकर  18 मई  को यहीं उपलब्ध कराया  जाएगा। 


        जिनेश कुमार योगेश कुमार जैन बड़ागांव धसान ने  बताया कि नैनागिरि में अष्ट दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान 29 अप्रैल से 07 मई तक हमारे परिवार द्वारा आयोजित किया जा रहा हैं जिस अवसर पर हम समस्त विधानकर्ताओं के संयोजन मे यह दिव्यांग शिविर आयोजित  किया जा रहा है। जरूरतमंद दिव्यांगजन परिषद  द्वारा निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर अपना आधार कार्ड व पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर पंजीकरण  करा सकते हैं । 


      विदित है कि तरुण मित्र परिषद, दिल्ली  इस तरह के  56 विराट दिव्यांग  कैम्प  देश के दूर दराज के अनेकों राज्यों में लगा चुकी है ।