Translate

गुरुवार, 15 मई 2025

चार महीने से अधूरी खुदी सड़क बनी परेशानी का सबब!!...बुजुर्गों और दिव्यांगों को बैंक पहुंचना हो रहा मुश्किल।


//अनिल बड़कुल, रूपेश जैन//

बकस्वाहा(छतरपुर)। बस स्टैंड से स्टेट बैंक तक करीब 450 मीटर लंबी सड़क को चौड़ीकरण के लिए ठेकेदार ने करीब चार महीने पहले खुदवाया था, लेकिन कार्य अधर में लटक गया है। करीब 10 फीट चौड़ी और डेढ़ फीट गहरी सड़क की खुदाई के बाद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे यहां से गुजरने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्टेट बैंक, सहकारी बैंक, सेवा सहकारी समिति, बाइक एजेंसी सहित आस-पास के संस्थानों तक पहुंचने वाले ग्राहकों को गड्ढों से गुजरना पड़ता है। विशेषकर वृद्ध और दिव्यांगजन बुरी तरह प्रभावित हैं। व्हीलचेयर ले जाना संभव नहीं होने से परिजन इन्हें गोद में उठाकर सड़क पार कर रहे हैं। गुरुवार को ग्राम चौरई (सैडारा) से 100 वर्षीय महिला पुत्तू बाई अहिरवार बैंक पहुंचीं, जिन्हें उनका नाती गोपाल अहिरवार गोद में उठाकर गड्ढा पार कराते नजर आया।

स्थानीय निवासी प्रभु दयाल तिवारी ने भी बताया कि गड्ढा पार करते समय हर दिन डर बना रहता है। नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इस मुद्दे को समाचार पत्रों ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद नगर परिषद ने बड़ी मशीनों से 10–15 दिन में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

क्या बोले जिम्मेदार?
"सड़क में एक पाइप के संबंध में एमपीयूडीसी से लिखित क्लीयरेंस नहीं मिली है, केवल मौखिक अनुमति है।"

शोभित मिश्रा, उपयंत्री, नगर परिषद बकस्वाहा