//अंशुल असाटी//
बक्सवाहा(छतरपुर)। बक्सवाहा थाना क्षेत्र की नई नगर निरीक्षक सुनीता विदुआ ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। सुनीता विदुआ ने कहा कि अवैध शराब, गांजा, स्मैक, जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बक्सवाहा थाना क्षेत्र में महिला अपराध, मोबाइल चोरी, शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सुनीता विदुआ इससे पहले छतरपुर जिले के भगवा एवं महिला थाने में प्रभारी रह चुकी हैं, जहां उनके द्वारा की गई सख्त कार्रवाई से असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त रहे हैं। अब बक्सवाहा की जनता को भी उनसे ऐसी ही निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की छवि मजबूत हो। इसके लिए वह जनता के साथ मिलकर विश्वास और सुरक्षा का माहौल बनाने का प्रयास भी करेंगी।